1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 9:54:56 AM
- फ़ोटो
Bihar Fire Accident : पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां भीषण आग लगने से दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बड़हरवा फतेमहम्मद गांव की है, जहां बीती रात अचानक एक किराना दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो मंजिला मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजकुमार साह के मकान के निचले तल्ले में जनरल स्टोर्स यानी किराना दुकान संचालित होती थी। देर रात अचानक दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने जब धुआं और आग की लपटें देखीं तो शोर मचाया, लेकिन तब तक आग तेजी से पूरे मकान में फैल चुकी थी। मकान के ऊपरी हिस्से में राजकुमार साह अपने परिवार के साथ सो रहे थे। आग इतनी भयावह थी कि परिवार के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में राजकुमार साह के आठ वर्षीय पुत्र रुद्र कुमार, 12 वर्षीय पुत्री सृष्टि कुमारी और दुकान में काम करने वाले 28 वर्षीय स्टाफ प्रिंस कुमार की जिंदा जलकर मौत हो गई। तीनों की मौत घर के अंदर ही दम घुटने और आग की चपेट में आने से हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना में मकान मालिक राजकुमार साह गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए उन्हें मकान की छत से कूदना पड़ा। आग बुझाने के दौरान गांव के ही विजय बैठा भी झुलस गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से राजकुमार साह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मोतिहारी रेफर कर दिया गया है।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घर में रखा फर्नीचर, किराना दुकान का सामान, नगदी और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जल गईं।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम हर बिंदु पर जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव के लोग अब भी सदमे में हैं और हर किसी की आंखें नम हैं।