Hindi News / bihar / purvi-champaran / बिजली के खंभे में अचानक शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड की...

बिजली के खंभे में अचानक शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Bihar News: मोतिहारी के मेन रोड पर बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 01, 2026, 12:41:13 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र स्थित मेन रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बिजली के खंभे में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। घटना न्यू फैशन एरा दुकान के सामने की बताई जा रही है। आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली के खंभे पर लगे तारों में अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। मेन रोड जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद दुकानदारों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी और साथ ही पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग दुकान के अंदर तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बिजली के खंभे और उससे जुड़े तारों को नुकसान पहुंचा है।


दुकानदारों का कहना है कि मेन रोड पर बिजली के तार मकड़जाल की तरह फैले हुए हैं, जिससे हमेशा खतरा बना रहता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग इस ओर ध्यान नहीं देता। एक दुकानदार ने नाराजगी जताते हुए कहा की बिजली विभाग सिर्फ बिल वसूलने में लगा रहता है, लेकिन जब खराबी ठीक कराने की बात आती है तो कोई सुनवाई नहीं होती।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मेन रोड पर बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए और जर्जर तारों को बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी