1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 28, 2026, 10:49:16 AM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के मोतिहारी जिले से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के सूने घर को निशाना बनाकर लाखों के आभूषण उड़ा लिए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों के बीच दहशत का माहौल है।
मामला पताही थाना क्षेत्र के परसौनी कपूर गांव का है। जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड शिक्षक बच्चा सिंह अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर सुगौली थाना क्षेत्र में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पूरी तरह खाली था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने आराम से पूरे घर की तलाशी ली। अलमारी, बक्से और अन्य जगहों को खंगालते हुए उन्होंने कीमती गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
गृहस्वामी के अनुसार, चोरों ने उनकी पत्नी, बेटी और बहू के जेवरात चोरी कर लिए, जिनकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोर काफी समय तक घर के अंदर रहे और बिना किसी डर के पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जब परिवार शादी समारोह से वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। अलमारी खुली हुई थी और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। गहनों के गायब होने की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के समय किसी संदिग्ध व्यक्ति को इलाके में देखा गया था या नहीं।
पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।