1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 15, 2026, 8:46:43 PM
- फ़ोटो
Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके चचेरे भाई और उसके साथियों ने बच्ची को जबरन खेत में ले जाकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। जब बच्ची ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात बच्ची किसी काम से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके चचेरे भाई समेत 4-5 युवकों ने उसे रोक लिया और जबरन सुनसान खेत की ओर ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की गई। बच्ची ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। परिवार का यह भी कहना है कि बच्ची के शरीर पर काटने और चोट के निशान मिले हैं।
पीड़िता की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिवार के सदस्य मौके की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्ची घायल अवस्था में मिली। बाद में वह बेहोश हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर किया गया है।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर रक्सौल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर में 4-5 युवकों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
रक्सौल थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।