1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 03, 2026, 10:12:56 PM
कई लोगों को नहीं मिला गैस सिलेंडर - फ़ोटो सोशल मीडिया
EAST CHAMPARAN: पूर्वी चंपारण जिले में रसोई गैस की किल्लत लगातार बनी हुई है, जिससे आम लोग काफी परेशान हैं। बनकटवा प्रखंड के बिजबनी गांव स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर की कमी को लेकर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।
जैसे ही गैस से भरा ट्रक गोदाम पर पहुंचा, सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। “पहले हम, पहले हम” की होड़ में लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कई उपभोक्ता बिना लाइन के ही सिलेंडर लेने के लिए आगे बढ़ने लगे, जिससे स्थिति और अव्यवस्थित हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से गैस की आपूर्ति प्रभावित है, जिसके कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा स्थिति सामान्य होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है।
गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने गोदाम पर ही लाइन लगाकर सिलेंडर लेने की कोशिश की, लेकिन सीमित संख्या में सिलेंडर होने के कारण सभी को गैस नहीं मिल सका। इस स्थिति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा कर रख दी है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट