Bihar Crime News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के टाल इलाके में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना सुगौली थाना क्षेत्र के दक्षिणी सुगांव पंचायत स्थित सुगांव टाल की है, जहां शनिवार शाम ग्रामीणों ने पेड़ से लटका एक शव देखा। जैसे ही इसकी जानकारी गांव में फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान सुगांव गांव निवासी करीब 30 वर्षीय रामनिवास ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामनिवास ठाकुर शुक्रवार सुबह से ही लापता थे। परिवार के लोग पूरे दिन उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच शनिवार की शाम गांव के कुछ लोग जब टाल की ओर गए तो उन्होंने एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि वह रामनिवास ठाकुर का ही शव है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुगौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी के सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। परिवार के लोगों का कहना है कि शुक्रवार सुबह रामनिवास गांव के ही एक व्यक्ति के साथ गए थे। उसके बाद से वह घर नहीं लौटे और अचानक लापता हो गए। जब परिवार के लोगों ने उस व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने बताया कि रामनिवास कुछ समय तक उसके साथ थे, लेकिन बाद में वह वहां से चले गए और उसे नहीं पता कि वह कहां गए।
परिजनों के मुताबिक जब रामनिवास देर रात तक घर नहीं लौटे तो उन्होंने अपने स्तर पर उनकी काफी खोजबीन की। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में भी तलाश की गई, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार के लोग थाना पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। परिजनों का कहना है कि उस समय पुलिस ने उनसे कहा कि दो दिन और खोजबीन कर लें, उसके बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।
परिवार के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस सक्रियता दिखाती तो शायद रामनिवास की जान बचाई जा सकती थी। अब जब उनका शव पेड़ से लटका हुआ मिला है तो परिवार के लोग इसे साजिश के तहत की गई हत्या बता रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। रामनिवास की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से काफी दुखी और हैरान हैं। कई ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले कभी इलाके में नहीं हुई थी, इसलिए लोग काफी सहमे हुए हैं।
वहीं सुगौली थाना अध्यक्ष अनीष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया शव पेड़ से लटका हुआ मिला है, लेकिन मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रिपोर्ट:- सोहराब आलम, मोतिहारी पूर्वी चम्पारण






