Hindi News / bihar / purnea-news / खेत में अर्धनग्न मिली लाश, दो बीवियों के बीच घिरा सच…, पहली बोली-...

खेत में अर्धनग्न मिली लाश, दो बीवियों के बीच घिरा सच…, पहली बोली- “दूसरी ने कर दी हत्या”

Bihar Crime News: पूर्णिया में खेत में एक व्यक्ति का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में मौत...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 18, 2026, 6:45:36 PM

खेत में अर्धनग्न मिली लाश, दो बीवियों के बीच घिरा सच…, पहली बोली- “दूसरी ने कर दी हत्या”

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले में शनिवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। खेत में अर्धनग्न हालत में एक व्यक्ति की लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मामला भवानीपुर थाना क्षेत्र के गोंदवारा पतकेली पंचायत के तुर्की मुसहरी टोला का है, जहां मृतक की पहचान शेखपुरा सब्जी टोला वार्ड नंबर 6 निवासी 45 वर्षीय मोहम्मद सोहराब के रूप में हुई है।


सुबह जब किसान मक्का के खेत में काम करने पहुंचे, तो उन्होंने जमीन पर एक अर्धनग्न शव पड़ा देखा। यह नजारा देखते ही वहां हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के असली कारण का पता चल सके। मौके पर भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और हर पहलू से जांच की जा रही है।


इस मामले ने उस समय और पेचीदा मोड़ ले लिया, जब मृतक की पारिवारिक स्थिति सामने आई। बताया जा रहा है कि सोहराब की दो पत्नियां थीं। उसकी पहली पत्नी शेखपुरा में रहती है, जबकि पिछले करीब 12 साल से वह तुर्की मुसहरी में अपनी कथित दूसरी पत्नी भीखमा देवी के साथ रह रहा था।


घटना की जानकारी मिलते ही पहली पत्नी मौके पर पहुंची और उसने सीधा आरोप दूसरी पत्नी पर लगा दिया। उसका कहना है कि सोहराब की हत्या एक साजिश के तहत की गई है और इसमें दूसरी पत्नी का हाथ है। उसने पुलिस से इस मामले की गहराई से जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।


वहीं, दूसरी पत्नी भीखमा देवी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसने पुलिस को बताया कि सोहराब शुक्रवार शाम खेत देखने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह खेत में ही उनका शव मिलने की खबर आई। उसने कहा कि उसे इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए धमदाहा के एसडीपीओ संदीप गोल्डी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।