Hindi News / bihar / purnea-news / जमुई में भीषण गर्मी से बुजुर्ग की मौत, एम्बुलेंस के इंतजार में घंटों...

जमुई में भीषण गर्मी से बुजुर्ग की मौत, एम्बुलेंस के इंतजार में घंटों सड़क किनारे पड़ा रहा शव

जमुई के मलयपुर थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो गई। एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचने से शव घंटों सड़क किनारे पड़ा रहा।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 26, 2026, 10:59:39 PM

बिहार न्यूज

- फ़ोटो रिपोर्टर

JAMUI: जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्नेश्वर चौक के समीप मंगलवार की देर शाम भीषण गर्मी और उमस के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं, समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से शव घंटों सड़क किनारे पड़ा रहा, जिससे स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 75 वर्षीय एक अज्ञात बुजुर्ग पत्नेश्वर चौक के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज धूप और अत्यधिक उमस के कारण अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते वे सड़क किनारे अचेत होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की तथा पानी पिलाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी सांसें थम चुकी थीं।


घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मलयपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मलयपुर थाना के एएसआई सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।


बताया जाता है कि पुलिस ने शव को सदर अस्पताल भेजने के लिए स्थानीय पीएचसी से एम्बुलेंस की मांग की थी। करीब एक घंटे बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन चालक ने शव ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सदर अस्पताल जमुई से संपर्क किया, मगर खबर लिखे जाने तक शाम 7 बजे तक कोई वाहन घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाया था। इस दौरान शव सड़क किनारे ही पड़ा रहा।


मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और एम्बुलेंस सेवा पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना था कि अगर समय पर चिकित्सा सुविधा मिलती तो शायद स्थिति कुछ और हो सकती थी। थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के गांवों में संपर्क कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।