Hindi News / bihar / patna-news / पटना में लग गया सम्राट चौधरी का पोस्टर, मुख्यमंत्री बनने पर दी गई...

पटना में लग गया सम्राट चौधरी का पोस्टर, मुख्यमंत्री बनने पर दी गई बधाई

सम्राट चौधरी के एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पटना के कोतवाली इलाके में उनके मुख्यमंत्री बनने को लेकर बड़ा बैनर लगाया गया। 15 अप्रैल को वे लोकभवन में सीएम पद की शपथ लेंगे।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 14, 2026, 5:50:10 PM

बिहार न्यूज

सम्राट युग की शुरुआत - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: सम्राट चौधरी के बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद यह तय हो गया कि बिहार का अगला सीएम अब वो बनने जा रहे हैं। लोकभवन में कल 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके मुख्यमंत्री बनने की खुशी बीजेपी दफ्तर में देखने को मिली ही साथ ही पूरे प्रदेश में देखने को मिल रही है। 


राजधानी पटना के सबसे व्यस्त इलाके कोतवाली थाने के पास बड़ा बैनर पोस्टर लगा दिया गया है। बिहार के नये सीएम सम्राट चौधरी को बधाई और शुभकामनाएं दी गयी है। कोतवाली थाने के सामने लगाए गये बड़े बैनर पर अनवरत लोगों का ध्यान जा रहा है। यहां ट्रैफिक सिग्नल है, शाम चार बजे के बाद अचानक यहां पहले से लगे पोस्टर को उतार दिया गया और उसकी जगह सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने को लेकर बैनर तुरंत लगा दिया गया। 


इस बैनर के माध्यम से भी लोगों को पता चल गया कि बिहार में सम्राट युग की शुरुआत होने जा रही है। बता दें कि अपने आखिरी कैबिनेट की बैठक करने के बाद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने लोकभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। जिसका बाद बीजेपी विधायक दल की बैठक और एनडीए विधायक दल की बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। 


नीतीश कुमार ने उन्हें माला पहनाकर बधाई और शुभकामनाएं दी। सम्राट चौधरी ने शीश झुकाकर और पैर छुकर नमन किया। इस दौरान नीतीश कुमार सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखते नजर आए। तमाम सहयोगी दलों ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया है। अब सम्राट चौधरी बिहार के नये सीएम होंगे। कल लोकभवन में शपथग्रहण समारोह होगा। जहां सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।