1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 20, 2026, 7:50:34 PM
तेजस्वी स्टाइल की नकल - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA:पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम स्थित एक नमकीन की दुकान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झालमूड़ी खाते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्ष हमलावर है। राष्ट्रीय जनता दल ने यहां तक कह दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर चीज़ तेजस्वी यादव जी का कॉपी करते है, चाहे गमछा हिलाना हो, हेलिकॉप्टर से रैली स्थल का वीडियो बनाना हो इत्यादि-इत्यादि और अब ये झालमुड़ी वाला भी तेजस्वी यादव की कॉपी है।
आरजेडी का कहना है कि मोदी जी यदि तेजस्वी यादव जी का कॉपी करना ही है तो नौकरी देने वाला स्टाइल कॉपी करिए ना? यह बातें आरजेडी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरजेडी ने कहा कि मोदी जी चुनाव में झालमूढ़ी या लिट्टी चोखा से पुराना रिश्ता तो बता जाते हैं! पर चुनाव खत्म होते ही आलमपनाह सारे "चुनावी रिश्ते-नाते, वादे" अगले चुनाव तक के लिए भूल जाते हैं!
दरअसल आरजेडी ने एक शॉर्ट वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें एक विंडो में तेजस्वी यादव झालमूड़ी खाते दिख रहे हैं और दूसरे विंडो में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में झालमूड़ी खाते नजर आ रहे हैं। हालांकि दोनों वीडियो चुनाव से पहले का ही है। तेजस्वी यादव का यह वीडियो 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव से पहले का है, तो वही पीएम मोदी का वीडियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले यानि 19 अप्रैल 2026 का है।
पीएम मोदी ने खुद झालमूड़ी खाते वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर किया था। जो देखते ही देखते वायरल हो गया। पीएम मोदी के इस वायरल वीडियो को आरजेडी तेजस्वी यादव की कॉपी बता रही है। आरजेडी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर चीज तेजस्वी यादव जी का कॉपी करते हैं। यदि उनको कॉपी ही करना ही है तो तेजस्वी यादव जी के नौकरी देने का स्टाइल कॉपी करें।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरण में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को होगा। इसके नतीजे 4 मई को आएंगे। विधानसभा चुनाव के 4 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे थे। जहां झाड़ग्राम स्थित एक नमकीन की दुकान पर जाकर उन्होंने दस रुपये की झालमूड़ी खाई।
झालमुड़ी वाले ने पीएम मोदी से पूछा कि आप प्याज खाते हैं। तब उन्होंने जवाब दिया कि हां प्याज खाता हूं बस दिमाग नहीं खाता। यह सुनकर दुकानदार हंसने लगा। झालमुड़ी वाले और पीएम मोदी की मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खुद पीएम मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से इसे शेयर किया गया जिसके बाद देखते ही देखते यह वायरल हो गया।
वही आरजेडी ने मजदूरों के हालात को लेकर एक और पोस्ट एक्स पर शेयर किया है जिसमें तस्वीर सूरत के उधना स्टेशन की लगाई गयी है। आरजेडी ने एक्स पर लिखा कि 20 साल बाद बिहार का मुख्यमंत्री बदल गया पर बिहार के श्रमिकों के लिए क्या बदल गया? एक शिथिल गया, दूसरा नाकाबिल बेपरवाह जम गया पर बिहार के श्रमिकों के लिए क्या बदल गया?
कोरोना हो..
बेपरवाह सरकार का लॉकडाउन हो..
नोटबंदी हो..
गैस सिलेंडर की किल्लत हो..
बेरोजगारी की मार हो..
20 साल से "सुशासन" रट रही नाकारी सरकार का निकम्मापन हो..
वेतन बढ़ाने की मांग पर पुलिस की लाठियों का प्रहार हो..
क्रूर महंगाई से गरीब के घर का बजट तार तार हो..
क्षेत्रवादी क्षत्रपों, भाषा के नाम पर गुंडों का अत्याचार हो...
चाहे जिसका भी वार हो ..
मरता, पिसता, जलता; अनदेखी, उलाहना, तिरस्कार की मार झेलता;
पल पल तड़पता.. देश का मजदूर ही है!!
📍सूरत का उधना स्टेशन।
Jhalmuri break in Jhargram! pic.twitter.com/LJNjEojAW4
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026