1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 22, 2026, 6:31:36 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे रविवार को पटना पहुंचीं, जहां उन्होंने बिहार में खेल मैदानों के निर्माण की प्रक्रिया की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में VB-G-RAM-G योजना के तहत विकसित किए जा रहे खेल मैदान एक बेहतरीन मॉडल हैं, जिसे अब पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
पटना के होटल ताज में आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए रक्षा खडसे ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य खेल सामग्री के निर्माण में भारत को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नए-नए प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मौजूद बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के आग्रह पर खडसे ने आश्वासन दिया कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुछ प्रतियोगिताएं बिहार में आयोजित कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इससे राज्य में खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा।
रक्षा खडसे ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों की योजनाओं की प्रस्तुति होती है, जिसमें बिहार का प्रेजेंटेशन सबसे प्रभावशाली रहता है। हाल ही में हुए शिविर में बिहार द्वारा छोटे स्टेडियम और खेल मैदानों के निर्माण का मॉडल प्रस्तुत किया गया, जिसे केंद्र ने काफी सराहा और अब इसे पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई है।
मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को तकनीक से जोड़ने के लिए स्पोर्ट्स साइंस जैसे विषयों को केवल एथलीट तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे स्कूल स्तर तक ले जाना जरूरी है। इससे भविष्य में बेहतर खिलाड़ी तैयार किए जा सकेंगे।