1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 24, 2026, 2:44:32 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Patna Zoo: पटना जू में आने वाले दिनों में पर्यटकों को नए और दुर्लभ जानवर देखने को मिल सकते हैं। दिल्ली और रोहतक जू के बाद अब सिंगापुर से भी जानवर लाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत पटना जू में दो सिंग वाले सफेद गैंडों का जोड़ा लाया जाएगा, जबकि इसके बदले में एक सिंग वाले गैंडों का एक जोड़ा सिंगापुर भेजा जाएगा।
यह पूरा आदान-प्रदान एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत किया जा रहा है। इसके लिए सिंगापुर जू, पटना जू और वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है।
योजना के अनुसार, दो सिंग वाले गैंडे समुद्री मार्ग से भारत लाए जाएंगे। सिंगापुर से इन्हें जहाज के जरिए कोलकाता बंदरगाह तक लाया जाएगा, जिसके बाद सड़क मार्ग से पटना जू पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि हवाई मार्ग की तुलना में समुद्री मार्ग का विकल्प अधिक किफायती होगा।
वर्तमान में पटना जू गैंडों की संख्या के मामले में एशिया में पहले स्थान पर और दुनिया में दूसरे स्थान पर है। यहां इस समय कुल 10 गैंडे हैं, जिनमें छह मादा और चार नर शामिल हैं। सभी गैंडे वयस्क हैं और सबसे छोटे गैंडे की उम्र पांच वर्ष है।
जानकारी के अनुसार, पहले स्थान पर अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सान डिएगो जू सफारी है। नए दो सिंग वाले गैंडों के आने से पटना जू में प्रजातियों की विविधता और बढ़ेगी। इससे पर्यटकों को एक सिंग वाले भारतीय गैंडों के साथ-साथ दो सिंग वाले विदेशी गैंडे भी देखने का अवसर मिलेगा।