1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 07, 2026, 11:10:45 AM
- फ़ोटो Google
Patna Traffic Jam: बिहार में आज सम्राट चौधरी सरकार के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पटना पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक रोड शो करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई प्रमुख रूटों को डायवर्ट किया गया है, जिसके कारण शहर के कई इलाकों में लंबा जाम लग गया है। गयाजी रूट समेत कई सड़कों पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहनों की कतार देखी गई।
ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने यात्रियों से तीन घंटे पहले घर से निकलने की अपील की है। जाम में फंसे लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार अपनी सुविधा के अनुसार कार्यक्रम कर रही है और आम लोगों की परेशानी की चिंता नहीं की जा रही।
लोगों का कहना है कि सुबह 9 से 10 बजे ऑफिस जाने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है और ऐसे कार्यक्रम रविवार को आयोजित किए जाने चाहिए थे। मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पटना में सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक कई रूटों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। हालांकि, इमरजेंसी वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
गांधी मैदान और उसके आसपास का इलाका पूरी तरह सील कर दिया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट रोड, बेली रोड, पटेल गोलंबर, गर्दनीबाग समेत कई इलाकों में ट्रैफिक रोक दिया गया है। कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर के पास लंबा जाम देखा गया।
वहीं करबिगहिया आरओबी पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। पूरे पटना में जाम के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।