Hindi News / bihar / patna-news / पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे ने पकड़ी रफ्तार, जमीन अधिग्रहण का काम हुआ तेज

पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे ने पकड़ी रफ्तार, जमीन अधिग्रहण का काम हुआ तेज

Patna Purnia expressway: पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए समस्तीपुर में जमीन अधिग्रहण का काम तेज हो गया है. प्रोजेक्ट पूरा होने पर महज तीन घंटे में पटना से पूर्णिया की दूरी तय होगी.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 12, 2026, 5:43:42 PM

Patna Purnia expressway

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Patna Purnia expressway: बिहार के समस्तीपुर जिले से गुजरने वाले पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसका सरकारी गजट भी जारी कर दिया गया है। अब तक 400 से अधिक लोगों ने अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराई हैं, जिनका निपटारा जिला प्रशासन द्वारा तेजी से किया जा रहा है।


यह एक्सप्रेस-वे पूरी तरह बिहार की सीमा के अंदर बनाया जाएगा और इसे केंद्र सरकार से वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत होगा, जिसमें 40 प्रतिशत राशि सरकार देगी, जबकि 60 प्रतिशत निवेश निर्माण एजेंसी करेगी। बाद में एजेंसी टोल वसूली के जरिए अपनी लागत की भरपाई करेगी।


समस्तीपुर जिले में यह सड़क दो पैकेज में विकसित की जाएगी। पहला पैकेज वैशाली सीमा से रोसड़ा के भिरहा तक 84.5 किलोमीटर लंबा होगा, जिस पर लगभग 10,083.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दूसरा पैकेज भिरहा से सरौंजा तक 51.835 किलोमीटर का होगा, जिसकी अनुमानित लागत 8,564.82 करोड़ रुपये तय की गई है।


इस परियोजना के लिए कुल 2236 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता होगी, जिसमें निजी, सरकारी और वन भूमि शामिल है। यह एक्सप्रेस-वे मोरवा, सरायरंजन, उजियारपुर, विभूतिपुर, खानपुर और रोसड़ा जैसे क्षेत्रों से होकर गुजरेगा।


एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बाद पटना से पूर्णिया की दूरी मात्र 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी। इसके साथ ही समस्तीपुर, दलसिंहसराय और रोसड़ा जैसे शहरों में व्यापार, रोजगार, होटल, ट्रांसपोर्ट और छोटे उद्योगों को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।