1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 13, 2026, 11:43:51 AM
नए सीएम का शपथ ग्रहण - फ़ोटो Reporter
Bihar News: पटना में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को पटना DM डॉ. त्यागराजन खुद लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल को सुरक्षा से लेकर आयोजन की पूरी रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी।
समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन हर स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। डीएम त्यागराजन ने राज्यपाल से मुलाकात कर वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा घेरा और पार्किंग व्यवस्था को लेकर पूरी रिपोर्ट सौंपी।
जानकारी के मुताबिक, इस समारोह में देशभर के कई बड़े राजनेताओं और खास मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है, ताकि कोई भी चूक न हो। पुलिस और प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है, जिससे समारोह बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
एक ओर प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री आवास पर सियासी बैठकों का दौर जारी है। इन बैठकों में अतिथियों की सूची, संभावित मंत्रियों के नाम और प्रोटोकॉल को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है, जहां मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तैनात रहेंगी। साथ ही फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमों को भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वीआईपी मूवमेंट के चलते आम लोगों को जाम की समस्या न हो, इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। पटना के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करने की योजना है, जिसकी जानकारी जल्द सार्वजनिक की जाएगी। कुल मिलाकर, पटना में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां पूरी रफ्तार पर हैं।