Hindi News / bihar / patna-news / NEET छात्रा मामले में फूटा गुस्सा, कारगिल चौक पर CBI की अर्थी निकालकर...

NEET छात्रा मामले में फूटा गुस्सा, कारगिल चौक पर CBI की अर्थी निकालकर परिजनों ने मांगा इंसाफ

पटना के कारगिल चौक पर NEET छात्रा मामले में परिजनों और समर्थकों ने CBI के खिलाफ प्रदर्शन किया। इंसाफ की मांग को लेकर अर्थी जुलूस और पुतला दहन किया गया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 26, 2026, 6:10:59 PM

बिहार न्यूज

मृतका को कब मिलेगा न्याय? - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना के चर्चित NEET छात्रा मामले में इंसाफ की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी के कारगिल चौक पर परिजनों और समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने CBI के खिलाफ प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर और पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरे और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ जल्द न्याय की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने कहा कि जब तक उनकी बेटी को इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की और जांच एजेंसियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। कारगिल चौक पर कुछ देर तक माहौल काफी गर्म रहा।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्हें शुरुआत में जांच एजेंसियों पर भरोसा था, लेकिन घटना के करीब पांच महीने बीत जाने के बावजूद अब तक मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि झारखंड और दिल्ली से आई CBI टीम भी अब तक इस मामले में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं ला सकी है। साथ ही, आरोपी मनीष रंजन के खिलाफ अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए गए।


परिजनों ने कहा कि “क्या गरीब की बेटी को न्याय नहीं मिलेगा? CBI को बताना चाहिए कि जांच में अब तक क्या सामने आया है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को देशव्यापी बनाया जाएगा और आमरण अनशन भी किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन न्याय मिलने तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं..


पटना से साहिल लिंगम की रिपोर्ट