Hindi News / bihar / patna-news / CM सम्राट के आदेश के बाद 24 घंटे के भीतर हुआ पटना लालबाग...

CM सम्राट के आदेश के बाद 24 घंटे के भीतर हुआ पटना लालबाग हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने दो नाबालिग को पकड़ा

पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में दंपति पर हमले के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। हमले में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 03, 2026, 7:06:26 PM

बिहार न्यूज

पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के लालबाग में घर में घुसकर सो रहे दंपति पर हमला किया गया था। हमले में पति की मौत हो गयी थी जबकि पत्नी बुरी तरह घायल हो गयी। जो पीएमसीएम में जिन्दगी और मौत के बीच जूझ रही है। घटना से गुस्साए लोगों ने शनिवार की देर शाम को अशोक राजपथ पर शव को रखकर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया था और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इंसाफ की मांग की थी। घटना के विरोध के बाद पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन किया। पटना सेंट्रल की एसपी दीक्षा ने इस बात की जानकारी दी। 


 पटना सेंट्रल की एसपी दीक्षा ने बताया कि जांच के दौरान 2 नाबालिग की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जारी है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने बताया कि घर में घुसकर पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को PMCH ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने नवाज आलम को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे जिंदगी की जंग हार गए। पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी एक विधि-विरुद्ध बालक है, जो पहले भी पीड़ित परिवार के आसपास संदिग्ध गतिविधियां कर चुका था। 


बताया गया कि वह पीड़िता के रिश्तेदार की लड़की का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे और एक-दूसरे को जानते थे। हाल के दिनों में बातचीत बंद होने के कारण आरोपी ने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को उसके मौसा के घर अंशुचक से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किये गये हथियार को भी बरामद कर लिया गया।


जांच के दौरान एक और नाबालिग की संलिप्तता सामने आई, जिसे भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह मामला यह दर्शाता है कि छोटी-छोटी बातों से उपजा गुस्सा किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकता है, जिससे एक परिवार उजड़ गया और कई जिंदगियां प्रभावित हो गईं।


गौरतलब है कि पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में 02 मई की अहले सुबह घर में घुसकर पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया गया था। इस हमले में 30 वर्षीय पति मोहम्मद नवाज की मौत हो गई है। जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गयी। आनन-फानन में नाजिया को PMCH में भर्ती कराया गया जहां वो जिन्दगी और मौत से लड़ रही है। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। 


आरोपी की गिरफ्तारी और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिये जाने की मांग को लेकर शनिवार की शाम में लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया गया था और अशोक राजपथ पर शव को रखकर आगजनी की गई थी। जिससे यातायात बुरी तरह बाधित हो गया था। इस घटना से लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला था। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाए जाने की मांग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से कर रहे थे।


आक्रोशित लोगों का कहना था कि राजधानी पटना के अंदर इतनी बड़ी घटना हो गयी लेकिन पुलिस के अधिकारी तक देखने नहीं पहुंचे। जिनकी हत्या हुई है उनके परिवार को इंसाफ मिलनी चाहिए। मृतक की पत्नी जिन्दगी और मौत से पीएमसीएच में लड़ रही है, उनका समुचित इलाज हो। यही हमारी मांग है। लोगों का यह कहना था कि ऐसा पहली बार हुआ है कि घर में घुसकर किसी की हत्या की गयी। जिसने भी हत्या की वारदात को अंजाम दिया है उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। 


घटना शनिवार की सुबह अशोक राजपथ स्थित लालबाग इलाके की है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। बताया जाता है कि मृतक नवाज लालबाग स्थित सरफराज आलम के मकान में किरायेदार थे। मकान के तीसरे तत्ले पर वो रहते थे, तीसरे तल्ले पर ही चढ़कर कमरे में हमला किया गया। मोहम्मद नवाज आलम पटना के एक मॉल में सेल्समैन थे। वही मृतक के बड़े भाई ने बताया कि एक लड़का उनकी बेटी को स्कूल आते-जाते परेशान करता था। 


कल उसने घर पर पत्थर फेंका था। हमने उसे पकड़कर समझाया था। जिसके बाद उसने मेरे छोटे भाई की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के बाद जब पुलिस ने शव परिजनों के हवाले किया। तब परिजनों के बीच कोहराम मच गया। शव को लेकर सैकड़ों लोग अशोक राजपथ पर पहुंच गये और आगजनी कर मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन कर दिया और सड़क आगजनी कर अपना आक्रोश जताया। आक्रोशित लोग एक सूर में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा किया।