Hindi News / bihar / patna-news / पटना मेट्रो स्टेशन पर ATS की मॉक ड्रिल, ISBT स्टेशन पर हाई अलर्ट...

पटना मेट्रो स्टेशन पर ATS की मॉक ड्रिल, ISBT स्टेशन पर हाई अलर्ट जैसा माहौल

पटना के ISBT मेट्रो स्टेशन पर बिहार ATS ने संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। आतंकवादी हमले और आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने लाइव अभ्यास किया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 26, 2026, 10:10:45 PM

बिहार न्यूज

आतंकरोधी मॉक ड्रिल - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना मेट्रो के पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (ISBT) मेट्रो स्टेशन परिसर में सोमवार को बिहार ATS की अगुवाई में संयुक्त आतंकरोधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान स्टेशन परिसर में हाई अलर्ट जैसा माहौल देखने को मिला। मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकवादी हमले, विस्फोट और आपातकालीन स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने की तैयारियों को परखना था।


इस संयुक्त अभ्यास में ATS, STF, पटना पुलिस, SDRF, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और पटना मेट्रो रेल परियोजना की टीमों ने हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन और मेट्रो परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा, रेस्क्यू ऑपरेशन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी का लाइव अभ्यास किया।


अभ्यास के दौरान स्टेशन परिसर में संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे इलाके को खाली कराया और घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध वस्तु की जांच की, जबकि SDRF और अन्य टीमों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।


अधिकारियों के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों का परीक्षण करना था। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए इस तरह के संयुक्त अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण हैं।