1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 12, 2026, 2:53:46 PM
4 दिन से नहीं मिल रहा सिलेंडर - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA:4 दिन से सिलेंडर नहीं मिलने से गुस्साए लोग सड़क पर उतर गये और हंगामा करने लगे। पटना एम्स से फुलवारीशरीफ जाने वाले वाली मार्ग को घंटों जाम रखा और रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की।
रसोई गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं ने रविवार को पटना के फुलवारीशरीफ में मुख्य सड़क को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। जिससे फुलवारीशरीफ-एम्स मुख्य मार्ग बुरी तरह जाम हो गया। लोगों का कहना था पिछले चार दिनों से गैस की सप्लाई नहीं हो पा रही है। एचपी गैस एजेंसी सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवा रही है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों का तो गैस खत्म हो गया है, ऐसे में खाना कैसे बनेगा यह चिंता उन्हें सता रही है।
लोगों का यह भी कहना है कि बार-बार गैस लेने के लिए एजेंसी बुलाती लेकिन पहुंचने पर कहती है कि गैस ही नहीं है। जिसके चलते खाली हाथ लौटना पड़ता है। रोज-रोज की यही परेशानी लोगों को झेलनी पड़ रही है। इसी बात से नाराज होकर उपभोक्ताओं को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ गया। खाली सिलेंडर लेकर लोग एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे और हंगामा मचाने लगे। इस दौरान फुलवारीशरीफ-एम्स मुख्य मार्ग और फुलवारीशरीफ-पटना मुख्य मार्ग एवं फुलवारीशरीफ-खगौल मुख्य मार्ग एक साथ जाम हो गया।
जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ गया। हालांकि रविवार होने के चलते भीड़ रोड पर कम निकली थी। यदि यही प्रदर्शन वर्किंग डे के दिन हुई रहती तो भारी मुसीबतों का सामना लोगों को करना पड़ जाता। रविवार होने के बावजूद आज भी भीषण जाम की स्थिति फुलवारीशरीफ में देखने को मिली। इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। गैस उपभोक्ताओं का यह भी कहना था कि रसोई गैस नहीं मिलने के कारण घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। कई लोग तो लकड़ी पर खाना बना रहे हैं। कई लोग इंडक्शन का इस्तेमाल कर रहे है।
लोगों का यह भी कहना था कि छोटा वाला सिलेंडर भराने जाते हैं तो पहले तो गैस नहीं भरता है और जो यह काम करता है वो 250रुपये से 300 रुपये किलो गैस भरता है। इतना महंगा गैस भराना सबके वश की बात नहीं है। गैस एजेंसी की मनमानी के कारण यह दिन देखने पड़ रहे हैं। रोड जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया, पुलिस के आश्वासन के बाद ही लोगों का गुस्सा भी शांत हुआ। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि गैस एजेंसी मालिक से बात कर जल्द ही गैस वितरण की व्यवस्था करायी जाएगी। पुलिस ने किसी तरह जाम हटाया जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।