Patna News: पटना में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोग परेशान हैं। कई दिनों पहले नंबर लगाने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इसमें गैस वेंटर्स की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई है। पटना में एलपीजी वितरण में गड़बड़ी को लेकर पहला केस थाने में दर्ज हुआ है।
पटना सदर में एक एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ता की सूचना के आधार पर पाटलिपुत्र थाना में गैस एजेंसी के डिलिवरी ब्वाय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दीघा निवासी उपभोक्ता ने शिकायत की थी कि उन्होंने एजेंसी मेसर्स उत्सव गैस सेवा, इन्द्रपुरी में सिलेंडर बुकिंग की थी, लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हुई।
हालांकि उन्हें मैसेज मिला कि सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है। इन आरोपों के कारण एजेंसी के डिलिवरी ब्वाय श्री मुकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर, पटना डीएम त्यागराजन एसएम ने कहा कि एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो, इसके लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है।
डीएम ने कहा है कि किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक दाम पर बिक्री की शिकायत मिलने पर दोषी एजेंसियों और संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने और गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया गया है।




