1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 27, 2026, 7:36:18 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Kacchi Dargah Bidupur bridge: पटना में कच्ची दरगाह से बिदुपुर को जोड़ने वाला छह लेन गंगा पुल अगले माह के अंत तक आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद यह पुल राष्ट्रीय उच्च पथ-31 को हाजीपुर-समस्तीपुर रोड से जोड़ेगा, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा।
रविवार को इस पुल का अंतिम स्पैन (सेगमेंट लॉन्चिंग) पूरा कर लिया गया, जिसके साथ ही निर्माण कार्य लगभग समाप्ति पर पहुंच गया है। पुल की लंबाई 9.75 किलोमीटर है, जबकि संपर्क पथ सहित इसकी कुल लंबाई 19.5 किलोमीटर है।
इस मौके पर बिहार राज्य रोड विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, मुख्य महाप्रबंधक बबलू कुमार, महाप्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह सहित कई अभियंता मौजूद रहे और सेगमेंट लॉन्चिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया।
अभियंताओं के अनुसार, यह पुल आधुनिक एक्स्ट्रा डॉज़्ड केबल स्टे ब्रिज तकनीक का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रबंध निदेशक ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं और निर्माण कंपनी के अधिकारियों को बधाई देते हुए कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि मई 2026 के अंत तक पुल पूरी तरह से यातायात के लिए तैयार हो जाएगा।
यह पुल सड़क संपर्क के क्षेत्र में एक नया अध्याय साबित होगा। इसके निर्माण के लिए बिहार सरकार ने एशियाई विकास बैंक से लगभग 3000 करोड़ रुपये का ऋण लिया है, जबकि करीब 2000 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से खर्च किए हैं। 32 मीटर चौड़े इस पुल पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे, जिससे यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा।