1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 14, 2026, 5:03:10 PM
- फ़ोटो
Bihar Police: राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से बाढ़, मोकामा और भदौर थाना क्षेत्रों में सक्रिय एक अन्तरजिला लूट गिरोह का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए वाहन और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है. पुलिस का कहना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से राह चलते लोगों को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही मोबाइल फोन और बाइक जैसी कीमती चीजें लूटकर फरार हो जाता था.
जानकारी के अनुसार, 6 जून, 8 जून और 11 जून 2026 को बाढ़, मोकामा और भदौर थाना क्षेत्रों में लगातार लूट की घटनाएं सामने आई थीं. इन घटनाओं में अपराधियों ने एक सफेद रंग की कार का इस्तेमाल किया था. कार से पहुंचकर बदमाश राहगीरों को निशाना बनाते थे और मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल लूटकर भाग जाते थे.
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए बाढ़-1 के एसडीपीओ राम कृष्णा के निर्देश पर थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिली. इसके बाद संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस ने इनके पास से एक मारुति सुजुकी XL-6 कार, एक बिना नंबर की आर-15 मोटरसाइकिल और अलग-अलग कंपनियों के 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, बरामद सामानों का इस्तेमाल लूट की घटनाओं में किया गया था.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आशीष कुमार (22 वर्ष), नोनु कुमार (19 वर्ष), सन्नी कुमार (19 वर्ष), राजीव कुमार (25 वर्ष) और जितेन्द्र कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी बाढ़ अनुमंडल और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. अब पुलिस इनके पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है.