1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2026, 7:10:04 PM
पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो रिपोर्टर
PATNA: राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपियों पर पुलिस टीम पर हमला करने, मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि 8 मई को आए तेज आंधी-पानी के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे।
आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान 17 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
REPORT-SURAJ-PATNA