Patna News: बकरीद की तैयारियों और नमाज के मद्देनजर पटना के गांधी मैदान में आम लोगों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह रोक 5 जून की शाम से पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
बकरीद के दिन गांधी मैदान में वाहनों के साथ आने वाले नमाजियों का प्रवेश गेट नंबर 5 और 10 से होगा जबकि पैदल आने वाले नमाजियों का प्रवेश गेट नंबर 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से हो सकेगा। इसके लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जिला प्रशासन की तरफ से तमाम तरह के निर्देश दिए गए हैं।इसके साथ ही पटना जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया है। सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले किसी भी पोस्ट या गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को सजग और तत्पर रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए नागरिक 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810 / 2219234) या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं।





