1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 02, 2026, 10:04:06 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Patna News: बिहार की राजधानी पटना में अतिक्रमण के खिलाफ एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर अभियान शुरू होने जा रहा है। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है।
आज से 30 मई तक पटना के विभिन्न इलाकों में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, पटना सिटी और दानापुर जैसे प्रमुख और व्यस्त क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। इन इलाकों में सड़क किनारे बनी अवैध दुकानें, ठेले और कच्चे-पक्के निर्माण पूरी तरह हटाए जाएंगे।
इस महाअभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने 9 विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर अवैध कब्जों को हटाने का काम करेंगी। अभियान की निगरानी के लिए रोजाना समीक्षा बैठक भी होगी ताकि कार्रवाई पारदर्शी और प्रभावी तरीके से हो सके।
अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अभियान में बाधा डालने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां यदि दोबारा कब्जा किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। इससे पहले 30 अप्रैल को भी प्रशासन ने विधायक आवास के पीछे लगभग 100 से 150 अवैध दुकानों और निर्माणों को हटाया था। अब उसी तर्ज पर शहर के अन्य हिस्सों को भी अतिक्रमण मुक्त बनाने की तैयारी है।