Hindi News / bihar / patna-news / पटना में बड़ा हादसा: गंगा में नहाने के दौरान दो छात्र डूबे, एक...

पटना में बड़ा हादसा: गंगा में नहाने के दौरान दो छात्र डूबे, एक को लोगों ने बचाया; दूसरे की मौत

Patna News: पटना के दीघा घाट पर गंगा में नहाने के दौरान दो छात्र डूब गए. स्थानीय लोगों ने एक को तो बचा लिया लेकिन दूसरे छात्र की डूबकर मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 03, 2026, 3:09:26 PM

Patna News

- फ़ोटो Reporter

Patna News: राजधानी के दीघा थाना क्षेत्र स्थित जनार्दन घाट पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बेली रोड के रहने वाले दो नाबालिग स्कूली बच्चे बिना घर वालों को बताए गंगा नदी में नहाने पहुंच गए, जहां नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।


घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बच्चों को डूबता देख तुरंत बचाव का प्रयास किया और डायल 112 को सूचना दी। लोगों की तत्परता से एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरा बच्चा गंगा की तेज धारा में समा गया।


मृतक की पहचान बेली रोड निवासी 8वीं कक्षा के छात्र हर्ष के रूप में हुई है। उसके दोस्त एमी ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण दोनों सुबह करीब 9:30 बजे बिना घर वालों को बताए नहाने के लिए घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान हर्ष गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया।


घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद हर्ष का शव बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।