PATNA: पटना में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति से करीब 43 लाख की ठगी की गई। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 53/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान शुरू किया।
जांच के क्रम में पुलिस ने एक अभियुक्त की पहचान कर उसे वैशाली जिला से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य तीन अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार कुल चार आरोपितों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।
प्राथमिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी लोगों को शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देते थे। निवेश के नाम पर वे लोगों से बड़ी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे और बाद में संपर्क तोड़ देते थे।
पटना पुलिस की साइबर टीम द्वारा की गई तकनीकी जांच और तत्परता से इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका। पुलिस अब आरोपितों के अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि इस तरह के साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी साइबर थाना पटना के पुलिस उपाधीक्षक श्री नीतीश चन्द्र धारिया द्वारा दी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें और संदिग्ध कॉल या लिंक से सतर्क रहें।
पटना से सूरज की रिपोर्ट





