1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 01, 2026, 2:53:22 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के सारण जिले से एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जहां इसुआपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक सर्राफा व्यवसायी से हथियार के बल पर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पीड़ित व्यवसायी की पहचान सहवां गांव निवासी मकेश्वर साह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो सहवां बाजार में सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं. बताया जाता है कि वे दुकान के साथ-साथ आसपास के गांवों में फेरी लगाकर भी आभूषण बेचने का काम करते हैं.
पीड़ित के अनुसार घटना उस समय हुई जब वह अमरदह गांव से तरैया थाना क्षेत्र के महुली गांव की ओर बाइक से जा रहे थे. वे गंगोई गांव के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी ईंट-भट्ठा के पास पहले से घात लगाए दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया.
अपराधियों ने पहले उनकी बाइक रोकी और चाबी निकालकर दूर फेंक दी. इसके बाद बाइक में टंगा झोला छीनने लगे. जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके सीने पर देसी कट्टा सटा दिया और झोला लेकर मौके से फरार हो गए. जाते-जाते अपराधियों ने जान से मारने की धमकी भी दी.
लूटे गए झोले में करीब 35 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 1.5 किलो चांदी के जेवर और 22 हजार रुपये नकद रखे थे. कुल मिलाकर लूट की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है.
घटना के बाद पीड़ित किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचा और स्थानीय लोगों को सूचना दी. इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू कर दी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड और टेक्निकल सेल को भी जांच में लगाया गया है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
पुलिस का कहना है कि अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.