Hindi News / bihar / patna-news / Bihar News : पटना में बेलगाम अपराधी! वट सावित्री पूजा करने गई महिला...

Bihar News : पटना में बेलगाम अपराधी! वट सावित्री पूजा करने गई महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, CCTV खंगाल रही पुलिस

पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में वट सावित्री पूजा करने गई महिला से बाइक सवार अपराधियों ने चेन छीन ली। घटना के बाद पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। राजधानी में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 16, 2026, 12:35:16 PM

Bihar News : पटना में बेलगाम अपराधी! वट सावित्री पूजा करने गई महिला से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, CCTV खंगाल रही पुलिस

- फ़ोटो

Bihar News : राजधानी पटना में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस की सक्रियता और लगातार गश्ती के दावों के बावजूद बाइक सवार बदमाश खुलेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। ताजा मामला पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां वट सावित्री पूजा करने निकली एक महिला को अपराधियों ने निशाना बनाया। बदमाश महिला के गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, महिला सुबह पूजा के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधी तेजी से पहुंचे और महिला के गले से चेन झपट ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो चुके थे। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।


घटना की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पीड़िता और उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


हालांकि, लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से बाइक सवार अपराधियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों कंकड़बाग इलाके में भी महिला से चेन छिनतई की घटना सामने आई थी। वहीं कदमकुआं थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर करीब सात से आठ स्नैचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों में अब तक अधिकांश अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। दिनदहाड़े महिलाएं और बुजुर्ग निशाना बनाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ जांच और गश्ती के दावे करती नजर आ रही है। लगातार हो रही घटनाओं से खासकर महिलाओं में डर का माहौल बन गया है। लोग अब पूजा-पाठ या बाजार जाने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


राजधानी में बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष भी सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमलावर है। विपक्षी दलों का आरोप है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन का दावा है कि सभी संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


फिलहाल बुद्धा कॉलोनी की इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं पर कब तक लगाम लग पाती है।