Bird Flu in Patna: पटना के कुछ इलाकों में अचानक कौओं और मुर्गियों की मौत के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। पीसी कॉलोनी, कंकड़बाग के जू-सेक्टर पार्क और पटना हाईकोर्ट परिसर में कई पक्षी मृत पाए गए थे। इनके सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे। अब आई रिपोर्ट में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि हो गई है।
रिपोर्ट मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। जिन स्थानों पर पक्षियों की मौत हुई, उनके आसपास एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया गया है। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए एहतियातन करीब 4575 मुर्गियों को मार दिया गया है। इसके अलावा 9662 अंडे और लगभग 530 किलोग्राम दाना भी नष्ट किया गया है।
पूरे प्रभावित इलाके में दवा का छिड़काव कराया गया है और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एहतियात के तौर पर जू-सेक्टर पार्क और संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कहीं भी मरे हुए पक्षी दिखें तो उन्हें छूएं नहीं और तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। चिकन और अंडे का सेवन करने से पहले उन्हें अच्छी तरह पकाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा है। समय रहते जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि संक्रमण पर जल्द काबू पाया जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





