1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 07, 2026, 6:38:45 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। अहमदपुर गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। जिस भाई पर परिवार को सबसे ज्यादा भरोसा था, वही अपने बड़े भाई का कातिल निकला। हत्या की इस साजिश में मृतक की पत्नी की भूमिका भी सामने आने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दरअसल, 4 मई 2026 को अहमदपुर गांव में एक युवक को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की।
शुरुआत में पुलिस इसे आपसी रंजिश या बाहरी दुश्मनी का मामला मान रही थी, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कहानी पूरी तरह बदलती चली गई। पूछताछ और तकनीकी जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने भाई ने कराई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी भाई और मृतक की पत्नी के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। इस रिश्ते को लेकर परिवार में लगातार विवाद और तनाव बना हुआ था। दोनों को डर था कि अगर यह मामला खुल गया तो परिवार और समाज में बदनामी होगी। इसी वजह से रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, पहले पूरी योजना बनाई गई और फिर युवक को गोली मार दी गई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी की गतिविधियां भी संदिग्ध मिलीं। कई सवालों के जवाब में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें कई अहम बातें सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल है। लोग हैरान हैं कि अवैध रिश्ते की वजह से एक भाई अपने ही भाई की जान लेने तक पहुंच गया।