1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 26, 2026, 6:10:43 PM
- फ़ोटो
PATNA: राजधानी पटना में चर्चित NEET छात्रा मामले को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। मंगलवार को कारगिल चौक पर पीड़ित छात्रा के परिजनों और समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने CBI की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर अपना विरोध जताया और मामले में जल्द इंसाफ की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़क पर उतरे। लोगों ने 'इंसाफ दो', 'दोषियों को सजा दो' और 'बेटी को न्याय चाहिए' जैसे नारे लगाए। कुछ देर के लिए कारगिल चौक का माहौल पूरी तरह आंदोलनमय हो गया।
परिजनों का कहना है कि घटना को काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच की रफ्तार बेहद धीमी है और जिम्मेदार लोगों पर अब तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने CBI की अर्थी निकालकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया।
पीड़ित परिवार ने साफ कहा कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। परिजनों ने कहा कि उन्हें शुरू में जांच एजेंसियों पर भरोसा था, लेकिन अब लगातार हो रही देरी ने उन्हें निराश कर दिया है। उनका आरोप है कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए। कई सामाजिक संगठनों और छात्र संगठनों ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया।
वहीं प्रदर्शन को देखते हुए कारगिल चौक पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए रही ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया और बाद में लोग वहां से हट गए।