Hindi News / bihar / patna-news / BIHAR NEWS : मोकामा को मिलेगा सुपरस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल? CM सम्राट से मिलने...

BIHAR NEWS : मोकामा को मिलेगा सुपरस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल? CM सम्राट से मिलने के बाद शराबबंदी पर बोले अनंत सिंह—हमरा बोलला से सब चीज़ नय ने होगा

मोकामा में सुपरस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल की मांग को लेकर अनंत सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शराबबंदी पर भी बड़ा बयान दिया, जो अब तेजी से चर्चा में है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 17, 2026, 1:06:05 PM

BIHAR NEWS : मोकामा को मिलेगा सुपरस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल? CM  सम्राट से मिलने के बाद शराबबंदी पर बोले अनंत सिंह—हमरा बोलला से सब चीज़ नय ने होगा

- फ़ोटो

Bihar Liquor Ban : बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद कई अहम मुद्दों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। इस मुलाकात का सबसे बड़ा एजेंडा मोकामा में एक आधुनिक अस्पताल के निर्माण की मांग रहा, जिसे लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द पहल करने का आग्रह किया।


अनंत सिंह ने कहा कि मोकामा और उसके आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद सीमित हैं। गंभीर स्थिति में मरीजों को पटना रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने कहा कि यदि मोकामा में एक बड़ा सरकारी अस्पताल बनता है, तो इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया है।


मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव लगातार सरकार पर हमला बोल रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में कोई बड़ा अपराधी सक्रिय नहीं है। उन्होंने विवादित अंदाज में कहा कि “छोटे-छोटे बच्चे ही अपराध कर रहे हैं”, जबकि सरकार पूरी तरह स्थिति पर नियंत्रण बनाए हुए है।


शराबबंदी के मुद्दे पर भी अनंत सिंह ने अपना रुख बदला हुआ नजर आया। उन्होंने साफ कहा कि पहले वह शराबबंदी के पक्ष में थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि इससे अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। उनके मुताबिक, शराबबंदी के कारण अवैध कारोबार को बढ़ावा मिला है और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार करने की अपील की। अनंत सिंह ने अपने अंदाज में कहा - सब चीज़ हमारा कहला से नय ने होगा। लेकिन फिर भी शराब खोल देना चाहिए।


इसके अलावा, जब उनसे निशांत को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अगर उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है तो इससे कुछ लोगों में नाराजगी हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर निशांत पार्टी की कमान संभालते हैं, तो यह एक सकारात्मक कदम होगा और पार्टी को मजबूती मिलेगी।


तेजस्वी यादव की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उनकी डिग्री के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह लालू यादव के बेटे नहीं होते, तो शायद उन्हें कोई पहचानता भी नहीं।


अनंत सिंह के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई बहस छिड़ गई है। एक तरफ उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास के लिए अहम मांग उठाई है, तो दूसरी तरफ विपक्ष पर तीखा हमला बोलकर राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। अब देखना होगा कि उनकी मांग पर सरकार क्या कदम उठाती है और विपक्ष इस बयानबाजी पर क्या प्रतिक्रिया देता है।