Hindi News / bihar / patna-news / नीतीश कुमार के इस्तीफे पर भावुक हुए ललन सिंह, कहा- ‘नव बिहार के...

नीतीश कुमार के इस्तीफे पर भावुक हुए ललन सिंह, कहा- ‘नव बिहार के शिल्पकार हैं नीतीश’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने नीतीश कुमार को नव बिहार का शिल्पकार और सुशासन का प्रतीक बताया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 14, 2026, 6:50:04 PM

बिहार न्यूज

नीतीश एक दूरदर्शी नेता - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके करीबी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट साझा किया।


नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके करीबी नेता केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट किया। लिखा कि नीतीश जी के इस्तीफे के साथ बिहार की विकास यात्रा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और भावनात्मक अध्याय आज पूर्ण हुआ है। 


ललन सिंह ने आगे लिखा कि यह केवल एक पद का त्याग नहीं, बल्कि वर्षों की तपस्या, समर्पण और जनसेवा के एक युग का विराम है। आने वाले समय में नीतीश जी का नाम नव बिहार के नव निर्माण के एक कुशल शिल्पकार के रूप में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।


ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ‘न्याय के साथ विकास’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए न केवल सुशासन की मिसाल कायम की, बल्कि कानून का राज स्थापित कर हर वर्ग में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत किया।


नीतीश कुमार एक दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक और नव बिहार के निर्माण के सच्चे शिल्पकार के रूप में नीतीश जी ने राज्य को नई पहचान दी। उन्होंने बिहार के विकास और राज्य में कानून का राज स्थापित करने के साथ न्याय के साथ विकास के रास्ते पर चलकर समाज को एक सूत्र में बांधा।


आज उनका इस्तीफा भावनाओं से भरा एक पल है, जिसने हर उस व्यक्ति के हृदय को स्पर्श किया, जिसने बिहार के इस परिवर्तन को देखा और महसूस किया। उनका योगदान केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक अटूट स्रोत बना रहेगा।


इससे पहले खुद नीतीश कुमार ने इस्तीफे के बाद ट्वीट किया। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता जिन्होंने उन्हें मैंडेट देकर मुख्यमंत्री बनाया था, उनसे कहा कि आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एन०डी०ए० सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। 


नीतीश कुमार ने आगे कहा कि सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है। हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।


नीतीश कुमार ने कहा कि इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है। अगले पाँच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नमन करते हैं। बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।


नीतीश कुमार ने कहा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है। इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है। हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया। अब नई सरकार यहाँ का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूँ तथा शुभकामनाएं देता हूँ। 


वही नीतीश कुमार के ट्वीट का रिप्लाई करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि आपके हार्दिक शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए दिल से आभार। आपका विश्वास और समर्थन हमें निरंतर ऊर्जा देता है।