1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 23, 2026, 3:00:31 PM
खुशहाल जिंदगी जीना चाहती है ज्योति - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। इस कठिन दौर के बावजूद ज्योति सिंह खुद को संभालते हुए खुशहाल जीवन जीने की कोशिश कर रही हैं। हाल ही में वह अपनी बहन जूही सिंह के ब्लॉग में नजर आईं, जहां उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, परिवार और भविष्य को लेकर खुलकर बातें की।
ब्लॉग में ज्योति सिंह नाक तक सिंदूर लगाए दिखाई दीं। इस पर उन्होंने कहा कि सिंदूर लगाने से एक अलग ही निखार आता है। उन्होंने बताया कि वह अक्सर वाराणसी जाती हैं और भगवान भोलेनाथ की भक्त हैं। वहां जाकर उन्हें मानसिक शांति मिलती है।
इस दौरान ज्योति ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने भगवान से एक खास मन्नत मांगी है, जिसे वह अभी सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं। हालांकि, अपनी बहन के बेटे को गोद में उठाते हुए उन्होंने इशारों-इशारों में संकेत दिया कि उनकी मन्नत मां बनने से जुड़ी हो सकती है।
अपने भविष्य को लेकर ज्योति ने कहा कि उन्हें नहीं पता उनकी शादी का आगे क्या होगा? लेकिन वह अपनी बहनों के साथ खुशहाल जिंदगी जीना चाहती हैं। उन्होंने यह भी इच्छा जताई कि अगर हालात बने, तो वे अपनी बहनों के साथ एक ही घर में रहें, ठीक वैसे ही जैसे Friends सीरीज में दोस्त साथ रहते हैं। उनकी बहनों ने भी इस इच्छा का समर्थन किया और साथ रहने की कामना की।
ज्योति सिंह अपनी बहनों के साथ वाराणसी की गलियों और घाटों पर घूमती भी नजर आईं। उन्होंने बताया कि वह तीन बहनों में दूसरे नंबर पर हैं, लेकिन उनकी शादी सबसे पहले हुई थी। उनकी बड़ी बहन जूही अब तक अविवाहित हैं, जबकि छोटी बहन की भी अभी शादी नहीं हुई है।
लोगों ने जब सवाल किया कि बड़ी बहन के होते हुए छोटी की शादी कैसे हो गई। इस पर ज्योति ने जवाब देते हुए कहा कि उनका परिवार ऐसी सोच नहीं रखता। उनके अनुसार, हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी के फैसले लेने का पूरा अधिकार है। जूही ने खुद अपने पिता से साफ कह दिया था कि वह शादी नहीं करना चाहतीं, जबकि पवन सिंह का रिश्ता उनके लिए आया था, जिसे परिवार ने स्वीकार कर लिया।
बता दे कि भोजपुरी एक्टर व सिंगर पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह ने साल 2015 में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका नाम भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ जोड़ा गया। बाद में पवन सिंह ने 7 मार्च 2018 को बलिया निवासी रामबाबू सिंह की बेटी ज्योति सिंह से धूमधाम से शादी की थी। हालांकि, उनकी दूसरी शादी भी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी और अब दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है।
