1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 09, 2026, 1:18:49 PM
- फ़ोटो Google
Patna News: पटना जिले के बिहटा स्थित अमहारा थाना क्षेत्र में आईआईटी पटना परिसर से शनिवार सुबह एक छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हर्षित पटनायक के रूप में हुई है, जो तेलंगाना के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आईआईटी परिसर के बॉयज हॉस्टल के पास स्थित मैदान में लोगों ने एक युवक का शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार शाम इलाके में तेज बारिश और हवाओं के कारण परिसर में कई जगह पानी भर गया था और कुछ स्थानों पर बिजली के तार भी टूटकर गिर गए थे। आशंका जताई जा रही है कि छात्र सुबह टहलने या किसी कार्य से बाहर निकला होगा और उसी दौरान हादसा हुआ होगा।
पटना पश्चिम सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आईआईटी प्रशासन से शव मिलने की सूचना पर पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
आईआईटी पटना प्रशासन ने अपने बयान में गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि हैदराबाद निवासी सदासिवुनी हर्षित पटनायक (2201EE89) का कलाम हॉस्टल के पास एक दुर्घटना में निधन हो गया। हर्षित ने संस्थान में तीन वर्ष पूरे कर लिए थे और वर्तमान में ड्यूल डिग्री प्रोग्राम के तहत आईआईएम बॉम्बे में अध्ययनरत थे।
संस्थान के अनुसार, वह अपने सहपाठियों के फेयरवेल कार्यक्रम में शामिल होने आईआईटी पटना आए थे। इस दुखद घटना से पूरा परिसर स्तब्ध है और मौत के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने की अपील की है।