Hindi News / bihar / patna-news / BIHAR NEWS : RWD के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता के 4 ठिकानों पर छापेमारी,...

BIHAR NEWS : RWD के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता के 4 ठिकानों पर छापेमारी, आय से 2 करोड़ रु अधिक अर्जित करने के केस में EOU की रेड....

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई! जमुई के कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार पर EOU का शिकंजा, आय से 81.5% अधिक संपत्ति मामले में पटना और जमुई के 4 ठिकानों पर छापेमारी।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 16, 2026, 9:16:58 AM

BIHAR NEWS : RWD के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता के 4 ठिकानों पर छापेमारी, आय से 2 करोड़ रु अधिक अर्जित करने के केस में EOU की  रेड....

- फ़ोटो

BIHAR NEWS : बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता  गोपाल कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-08/26 दिनांक 15 मई 2026 दर्ज करते हुए अभियंता के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।


आर्थिक अपराध इकाई की ओर से दर्ज प्राथमिकी में गोपाल कुमार, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) पर ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उन्होंने अपनी वैध आय से लगभग 2 करोड़ 61 हजार रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।


इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई ने माननीय विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर शुक्रवार सुबह से कार्रवाई शुरू कर दी।


सूत्रों के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों ने पटना और जमुई में एक साथ छापेमारी शुरू की। जिन ठिकानों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित ज्योतिपुरम इलाके में जगत विला अपार्टमेंट का फ्लैट शामिल है। इसके अलावा पूर्वी इंदिरा नगर रोड नंबर-4, कंकड़बाग स्थित आवास पर भी जांच टीम पहुंची।


वहीं जमुई जिले में केकेएम कॉलेज के समीप स्थित किराये के आवास और झाझा स्थित ग्रामीण कार्य प्रमंडल कार्यालय में भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई की टीम संपत्ति, बैंक खाते, निवेश, जमीन से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।


सूत्रों की मानें तो तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड हाथ लगने की संभावना है। हालांकि EOU की ओर से अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की विस्तृत सूचना सार्वजनिक की जाएगी।


बिहार में हाल के दिनों में सरकारी अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामलों में लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। आर्थिक अपराध इकाई की इस कार्रवाई को सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है।


गोपाल कुमार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद ग्रामीण कार्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट और तलाशी में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे निलंबन और विभागीय कार्रवाई भी संभव मानी जा रही है।फिलहाल पूरे मामले पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है। आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी पूरी होने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।