1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 16, 2026, 4:18:35 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI
Bihar New Railway Project: केंद्र सरकार ने बिहार और झारखंड के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गया जिले के परैया से झारखंड के चतरा तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह 75.1 किलोमीटर लंबी विशेष रेल परियोजना क्षेत्रीय विकास, व्यापार और आवागमन को नई गति देने वाली मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत परैया रेलवे स्टेशन से चतरा तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही कष्ठा की ओर 4.95 किलोमीटर लंबा वाई (Y) कनेक्शन भी विकसित किया जाएगा, जिससे रेल संचालन अधिक सुगम और लचीला हो सकेगा।
रेल मंत्रालय ने इस परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित करते हुए राजपत्र भी प्रकाशित कर दिया है। इसके बाद अब परियोजना के लिए सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर नए रेलवे स्टेशनों और अन्य ढांचागत सुविधाओं की योजना तय होगी।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद परैया रेलवे स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित किए जाने की संभावना है, जिससे गया जिले का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा। वहीं झारखंड के चतरा क्षेत्र को भी सीधा लाभ मिलेगा। वाई कनेक्शन बनने से ट्रेनों को चतरा दिशा की ओर आसानी से डायवर्ट किया जा सकेगा।
माना जा रहा है कि यह नई रेल लाइन बिहार और झारखंड के बीच व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगी। स्थानीय लोगों में इस परियोजना को लेकर उत्साह है। उनका मानना है कि इससे न केवल यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि रोजगार, कारोबार और समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।