Hindi News / bihar / madhubani-news / प्यार करने का ये कैसा सिला... ग्रामीणों के डर से तालाब में कूदे...

प्यार करने का ये कैसा सिला... ग्रामीणों के डर से तालाब में कूदे प्रेमी-प्रेमिका, युवक की डूबकर दर्दनाक मौत

Bihar Crime News: मधुबनी में देर रात हुई एक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक के साथ ऐसा क्या हुआ कि कुछ ही देर में खुशियों भरी मुलाकात मातम में बदल गई? तालाब किनारे हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव और कई सवाल...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 16, 2026, 3:41:53 PM

प्यार करने का ये कैसा सिला... ग्रामीणों के डर से तालाब में कूदे प्रेमी-प्रेमिका, युवक की डूबकर दर्दनाक मौत

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के मधुबनी जिले से प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है। हरलाखी थाना क्षेत्र के दुर्गापट्टी गांव में ग्रामीणों के डर से तालाब में कूदे एक प्रेमी जोड़े में युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि युवती की जान बचा ली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतक की पहचान उमगांव निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे शिवम अपनी प्रेमिका से मिलने गांव के एक बगीचे में पहुंचा था। दोनों तालाब किनारे बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई।


ग्रामिणों के अनुसार, गांव के कुछ युवक दोनों को पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। खुद को चारों ओर से घिरता देख प्रेमी-प्रेमिका ने घबराकर तालाब में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवती को बाहर निकाल लिया, लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों ने बांस-बल्ले दिखाकर शिवम को बाहर निकलने नहीं दिया। शिवम को तैरना नहीं आता था, जिस कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।


करीब एक घंटे बाद घटना की जानकारी उमगांव के लोगों को मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शिवम को तालाब से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत उमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा।


आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। बाद में शिवम को बासोपट्टी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 


घटना की सूचना मिलते ही हरलाखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्यवाई की जाएंगी।