1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 15, 2026, 1:12:49 PM
पटना में छात्रों का प्रदर्शन - फ़ोटो Reporter
Student Protest Patna: बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का भारी आक्रोश देखने को मिला। परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और पेपर लीक का आरोप लगाते हुए सैकड़ों अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए और 'मेन्स परीक्षा रद्द करो' के नारे लगाते हुए पटना कॉलेज परिसर से जेपी गोलंबर की ओर आक्रोश मार्च निकाला।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि 27 मई को 1799 पदों के लिए आयोजित दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में आर्थिक अपराध इकाई (EOU), मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और डीजीपी को भी आवेदन सौंपा था, लेकिन अब तक परीक्षा रद्द करने या मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
छात्रों के जेपी गोलंबर पहुंचने की सूचना मिलते ही पटना पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। प्रदर्शनकारियों को गांधी मैदान के पास रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर कड़ी बैरिकेडिंग की गई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल, लाठीधारी जवान, वज्र वाहन और वाटर कैनन तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक सरकार और संबंधित आयोग दारोगा मेन्स परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराकर परीक्षा को रद्द नहीं करते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों का दावा है कि प्रश्नपत्र और मूल्यांकन प्रक्रिया में गंभीर विसंगतियां हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
गौरतलब है कि बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा राज्य के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में करीब 36 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।