Hindi News / bihar / patna-news / पटना में आंधी-बारिश का कहर: निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से दो लोगों...

पटना में आंधी-बारिश का कहर: निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, एक घायल

Patna News: पटना के दानापुर में तेज आंधी-तूफान के दौरान निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 30, 2026, 10:44:01 AM

Patna News

- फ़ोटो Google

Patna News: पटना के दानापुर में बुधवार शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रूपसपुर थाना क्षेत्र के रुकनपुरा देवी स्थान के पास एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।


मृतकों की पहचान तिलक नगर निवासी 73 वर्षीय त्रिभुवन प्रसाद सिंह और रुकनपुरा निवासी 45 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई है। अनीता देवी मूल रूप से नौबतपुर की रहने वाली थीं। घायल व्यक्ति का इलाज अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, दोनों लोग तेज आंधी और बारिश के बीच पैदल घर लौट रहे थे, तभी निर्माणाधीन भवन की छठी मंजिल से अचानक दीवार भरभराकर नीचे गिर गई और वे उसकी चपेट में आ गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं और बारिश के कारण भवन की संरचना पहले से ही कमजोर हो चुकी थी। अचानक जोरदार आवाज के साथ दीवार गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि यह निर्माणाधीन भवन नंद किशोर सिंह का है। रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के कारण दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।