1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 08, 2026, 5:29:08 PM
- फ़ोटो
BPSC TRE 4 Protest LIVE: बिहार की राजधानी पटना में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4) को लेकर बेरोजगार युवाओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से अब तक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किए जाने से नाराज हजारों अभ्यर्थी शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया, बारिश भी हुई, लेकिन इसके बावजूद छात्र-छात्राएं जेपी गोलंबर पर डटे रहे।
प्रदर्शनकारी साफ कह रहे हैं कि जब तक छात्र नेता दिलीप कुमार को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। आंदोलनकारी प्रशासन से बातचीत के लिए भी तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि बातचीत तभी होगी जब दिलीप कुमार उनकी मौजूदगी में शामिल होंगे।
शिक्षा मंत्री आवास मार्च के दौरान बढ़ा तनाव
TRE 4 अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से बड़ा मार्च निकाला था। यह मार्च गांधी चौक, मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी और बाकरगंज होते हुए शिक्षा मंत्री के आवास की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
जब छात्र बैरिकेड पार करने लगे तो पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कई छात्र-छात्राओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए।
दिलीप कुमार की गिरफ्तारी से और भड़का गुस्सा
प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने छात्र नेता दिलीप कुमार को एहतियातन हिरासत में ले लिया था। इसी बात को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। आंदोलनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि “पहले दिलीप कुमार को रिहा करो, फिर बातचीत होगी।”
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवक-युवतियां सड़क पर बैठे रहे। प्रशासन की ओर से उन्हें समझाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
TRE 4 नोटिफिकेशन जारी करने की मांग
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि BPSC जल्द से जल्द TRE 4 भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करे। छात्रों का आरोप है कि आयोग ने पहले अप्रैल में आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई।
इसके अलावा अभ्यर्थी इस बात का भी विरोध कर रहे हैं कि परीक्षा दो चरणों—प्रीलिम्स और मेन्स—में कराने की चर्चा चल रही है। छात्रों की मांग है कि पहले की तरह सिर्फ एक ही परीक्षा आयोजित की जाए।
हजारों पदों पर होनी है बहाली
TRE 4 भर्ती के जरिए बिहार के कई विभागों में शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। जानकारी के मुताबिक करीब 46 हजार से ज्यादा पदों पर बहाली की तैयारी है। इसमें प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक पद शामिल हैं।