Hindi News / bihar / patna-news / Bihar Weather Today: बिहार में फिर बढ़ेगी गर्मी, दक्षिण में सताएगी उमस; उत्तर...

Bihar Weather Today: बिहार में फिर बढ़ेगी गर्मी, दक्षिण में सताएगी उमस; उत्तर में बारिश के आसार

Bihar Weather Today: बिहार में अगले 2-3 दिनों में तापमान बढ़ने के आसार हैं. दक्षिण बिहार में उमस भरी गर्मी से परेशानी बढ़ेगी जबकि मौसम विभाग ने उत्तर बिहार में बारिश और आंधी की संभावना जताई है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 03, 2026, 7:06:07 AM

Bihar Weather Today

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar Weather Today: बिहार में इन दिनों उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। पिछले कुछ दिनों में आंधी और बारिश के कारण लोगों को लू से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन अब एक बार फिर तापमान बढ़ने वाला है। 


मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की वृद्धि के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। उत्तर बिहार के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जिससे दक्षिण बिहार में भी तापमान कुछ हद तक नियंत्रित रहा। 


कटिहार के प्राणपुर में सबसे अधिक 114.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पूर्णिया के कस्बा में 112.4 मिमी, ढेंगराघाट में 106 मिमी, पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में 82.6 मिमी, बेतिया में 80.6 मिमी, केसरिया में 80.2 मिमी और कटिहार में 74 मिमी बारिश हुई।


मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बिहार में अभी गरज-तड़क वाले बादलों की सक्रियता बनी हुई है, जिससे अगले दो से तीन दिनों तक आंधी और बारिश की संभावना है। इससे वहां के लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। 


वहीं, दक्षिण बिहार में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी। खासकर दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 33 से 38 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।