1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 02, 2026, 6:59:41 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Weather Today: राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पूरे राज्य में बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर चेतावनी भी दी गई है।
पटना, नालंदा समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार को किशनगंज और बांका सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, बगहा, रक्सौल और शिवहर में तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पटना, अररिया और किशनगंज जैसे कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा, जबकि कई शहरों में दिनभर बादल छाए रहे।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कैमूर में तापमान करीब 5 डिग्री गिरकर 36.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो पहले लगभग 41 डिग्री के आसपास था। रोहतास में भी तापमान में लगभग 9 डिग्री की कमी देखी गई।
पिछले 3-4 दिनों से जारी बदला हुआ मौसम शनिवार को भी बना रहेगा। पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत करीब 20 जिलों में तेज बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश हो सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। तेज हवाओं की गति सामान्यतः 50 किमी प्रति घंटा रहेगी, जबकि कुछ जगहों पर यह 60 किमी प्रति घंटा से अधिक हो सकती है।
शनिवार को वातावरण में नमी का स्तर 46 प्रतिशत और वायुमंडलीय दबाव 1006 हेक्टोपास्कल दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, निचले स्तर की हवाओं और वायुमंडलीय बदलाव के कारण मैदानी इलाकों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है।
हालांकि, 5 मई के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि आज से 5 मई के बीच बिहार और झारखंड सहित देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।