1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 04, 2026, 9:16:13 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो File
Bihar Train Update: डीडीयू और लखनऊ मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते 4 से 27 मई तक पटना सहित बिहार की 28 ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। गया स्टेशन पर लाइन संख्या एक के सीसी एप्रन को हटाने के कारण 4 से 16 मई तक पटना-गया और गया-पटना स्पेशल ट्रेनें रद्द रहेंगी।
इसके अलावा चार ट्रेनों को मार्ग बदलकर चलाया जाएगा और छह ट्रेनों को बीच में ही समाप्त किया जाएगा। जौनपुर स्टेशन के यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण भी कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। कुल 16 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें पटना-गोमतीनगर वंदे भारत और कोटा-पटना एक्सप्रेस शामिल हैं।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने जानकारी दी कि 4 से 27 मई तक 22345 पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को जफराबाद-सुलतानपुर-अयोध्या कैंट के रास्ते चलाया जाएगा। इस बदलाव के कारण अयोध्या धाम स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।
इसी तरह 14, 15, 17, 21, 22 और 24 मई को 13238 कोटा-पटना एक्सप्रेस को लखनऊ-सुलतानपुर-जफराबाद जंक्शन मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं 9, 16 और 23 मई को 19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेस भी इसी बदले हुए मार्ग से चलेगी। इन रूट बदलावों के चलते अयोध्या कैंट, अकबरपुर और जौनपुर स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा।
इसके अलावा 4 से 16 मई तक 13330 गंगा दामोदर एक्सप्रेस को पटना, जटडुमरी, इस्लामपुर और तिलैया के रास्ते धनबाद तक चलाया जाएगा, जबकि वापसी में 13329 गंगा दामोदर एक्सप्रेस इसी मार्ग से पटना पहुंचेगी।