1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 01, 2026, 1:59:28 PM
- फ़ोटो
Bihar Tourism: बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य में घूमने आने वाले पर्यटकों को सिर्फ दर्शनीय स्थल ही नहीं, बल्कि पूरी यात्रा के दौरान रहने, घूमने और खाने-पीने की सुविधाएं भी आसानी से मिलेंगी। पर्यटन और परिवहन विभाग की संयुक्त पहल के तहत एक खास टूरिस्ट पैकेज तैयार किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
टूरिस्टों के लिए ‘ऑल-इन-वन’ सुविधा
इस नई योजना के तहत पर्यटकों को एक ही जगह पर कई सुविधाएं मिलेंगी। अब वे बिहार में बाइक या कार किराये पर लेकर आसानी से घूम सकेंगे। साथ ही, होटल के अलावा घर जैसे माहौल में रहने का विकल्प भी मिलेगा। जिससे पर्यटक यहां खुद को सहज महसूस करेंगे और बिना किसी परेशानी के राज्य के अलग-अलग पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकेंगे।
पहले चरण में इन जिलों को मिलेगा फायदा
इस योजना की शुरुआत पहले चरण में पटना, राजगीर, नालंदा, गया, बोधगया, वाल्मीकिनगर, वैशाली, मोतिहारी और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन जिलों में की जाएगी। इन सभी जगहों पर “रेंट-ए-कैब”, “रेंट-ए-मोटरसाइकिल” और “रेंट-ए-होम” जैसी सुविधाएं लागू की जाएंगी। बाद में इस योजना को पूरे राज्य में विस्तार दिया जाएगा।
अब होटल नहीं, घर जैसा मिलेगा ठिकाना
पर्यटकों को अगर होटल के बजाय घर जैसा माहौल चाहिए, तो इसके लिए “रेंट-ए-होम” स्कीम लाई जा रही है। इस योजना के तहत स्थानीय लोग अपने घरों को किराये पर उपलब्ध करवा सकेंगे। पर्यटन विभाग इन घरों का रजिस्ट्रेशन करेगा और सुरक्षा के लिए सत्यापन भी कराया जाएगा। सभी विवरण स्थानीय थाने में दर्ज रहेगा, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
लोकल खाने का मिलेगा असली स्वाद
इस योजना का एक खास पहलू यह भी है कि पर्यटकों को बिहार के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिलेगा। स्थानीय स्तर पर खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पर्यटक यहां की संस्कृति और स्वाद दोनों का अनुभव कर सकेंगे।
स्थानीय लोगों को भी होगा फायदा
इस योजना से सिर्फ पर्यटकों को ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। परिवहन विभाग की वेबसाइट पर सभी रजिस्टर्ड गाड़ियों और घरों की जानकारी उपलब्ध होगी। पर्यटक पहले से ही अपनी जरूरत के अनुसार गाड़ी या ठहरने की व्यवस्था बुक कर सकेंगे।