Hindi News / bihar / patna-news / Bihar Tender Scam : IAS अफसरों की विदेश यात्रा कराने वाला रिशु श्री...

Bihar Tender Scam : IAS अफसरों की विदेश यात्रा कराने वाला रिशु श्री हिरासत में! बिहार के टेंडर घोटाले में SVU का बड़ा एक्शन

बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में बड़ा एक्शन! SVU ने रिशु श्री को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ। कई बड़े अधिकारियों पर भी गिर सकती है जांच की गाज। पूरी खबर पढ़ें।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 28, 2026, 7:11:21 AM

Bihar Tender Scam : IAS अफसरों की विदेश यात्रा कराने वाला रिशु श्री हिरासत में! बिहार के टेंडर घोटाले में SVU का बड़ा एक्शन

- फ़ोटो

Bihar Tender Scam : बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और भ्रष्टाचार के बड़े मामले में विशेष सतर्कता इकाई (SVU) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी रिशु श्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, सरकारी निविदाओं में गड़बड़ी और प्रभावशाली अधिकारियों से सांठगांठ के आरोपों को लेकर SVU कई दिनों से निगरानी कर रही थी।


जानकारी के अनुसार, SVU की टीम सुबह रिशु श्री के आवास पहुंची और जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के बहाने उन्हें अपने साथ लेकर गई। इसके बाद उन्हें SVU कार्यालय में बैठाकर लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारी फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खुलकर बयान देने से बच रहे हैं।


सूत्रों का दावा है कि रिशु श्री पर आरोप है कि उन्होंने कई सरकारी विभागों में टेंडर दिलाने के नाम पर अधिकारियों को प्रभावित किया और अपनी कंपनी समेत करीबी ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया। जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के सरकारी ठेकों में अनियमितता की गई।


इस मामले ने तब ज्यादा तूल पकड़ा जब जांच में यह बात सामने आई कि कुछ वरिष्ठ IAS अधिकारियों और उनके परिवारों की विदेश यात्राओं का खर्च कथित तौर पर रिशु श्री की ओर से उठाया गया था। इतना ही नहीं, अधिकारियों के निजी खर्च और बागवानी जैसे कामों पर भी लाखों रुपये खर्च किए जाने की बात जांच में सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, करीब 9 लाख रुपये तक की बागवानी व्यवस्था मैनेज करने के आरोप भी लगाए गए हैं।


SVU की टीम अब रिशु श्री के फ्लैट और उससे जुड़े अन्य ठिकानों से मिले दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इन साक्ष्यों से कई अहम खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि किन-किन विभागों में टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित किया गया और किन अधिकारियों की इसमें भूमिका रही।


इस पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी पहले से सक्रिय है। ED ने रिशु श्री के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया हुआ है। एजेंसी वित्तीय लेनदेन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि SVU और ED की जांच में कई बड़े अधिकारियों और कारोबारियों के नाम सामने आ सकते हैं।


सूत्रों के अनुसार, यदि रिशु श्री की औपचारिक गिरफ्तारी होती है, तो बिहार के प्रशासनिक गलियारों में और बड़ा भूचाल आ सकता है। कई वरिष्ठ अधिकारियों पर भी जांच की आंच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, पूरे मामले पर राज्य की नौकरशाही और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।


SVU की कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पूछताछ के बाद एजेंसी क्या खुलासा करती है और क्या इस मामले में और भी बड़े नाम सामने आते हैं।