1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 05, 2026, 10:22:18 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Teacher Transfer: बिहार के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के ट्रांसफर और पोस्टिंग को लेकर एक बार फिर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस प्रक्रिया में देरी के चलते शिक्षकों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। शिक्षा विभाग द्वारा नई ट्रांसफर नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे सुझावों के आधार पर अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, वर्तमान ट्रांसफर पॉलिसी में कई खामियां सामने आई हैं, जिसके कारण विभिन्न स्कूलों में विषयवार शिक्षकों का संतुलन बिगड़ गया है। कई माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में एक ही विषय के लिए निर्धारित पदों से अधिक शिक्षकों की तैनाती हो गई है, जबकि कुछ महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों की भारी कमी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ स्कूलों में जहां दो पद निर्धारित हैं, वहां चार-चार शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि अन्य स्थानों पर विषय विशेषज्ञ शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। इससे पढ़ाई की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे पर 24 अप्रैल को शिक्षा विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी।
बैठक में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और इसे अधिक व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए थे। सरकार की कोशिश है कि प्रणाली को सरल और निष्पक्ष बनाया जाए, ताकि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके।
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नई ट्रांसफर नीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इससे पहले शिक्षक संघों और अन्य हितधारकों से सुझाव लिए जाएंगे। सभी सुझावों पर विचार करने के बाद ही नई नीति लागू की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के ट्रांसफर पर अस्थायी रोक लगा दी है, जिससे राज्य भर के शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।