1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 30, 2026, 6:59:45 AM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Weather Today: बिहार के 22 जिलों में बुधवार को आई आंधी और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई। हालांकि तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में भारी नुकसान भी पहुंचाया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को तपिश से राहत जरूर मिली, लेकिन कई जिलों में तबाही का मंजर भी देखने को मिला। राज्य में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, तीन मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-पानी, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। अगले 24 घंटों में दक्षिणी बिहार के कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश से मौसम सामान्य बना रहेगा। वहीं उत्तर बिहार के 18 जिलों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, जमुई, नालंदा, रोहतास और शेखपुरा जिलों के कुछ हिस्सों में अगले कुछ घंटों के भीतर मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बुधवार शाम आई आंधी-बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 अप्रैल और 1 मई को भी बारिश की संभावना है। इसका असर जिले के 16 में से कम से कम 9 प्रखंडों में देखने को मिल सकता है, जो खरीफ बीजों की बुआई के लिए लाभदायक साबित हो सकता है।