Hindi News / bihar / patna-news / बिहार में आंधी-बारिश से भारी तबाही, अबतक 13 लोगों की गई जान, कई...

बिहार में आंधी-बारिश से भारी तबाही, अबतक 13 लोगों की गई जान, कई घायल

Bihar News: बिहार में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से अबतक 13 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग घायल हुए हैं. कई जिलों में पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और फसल नुकसान से जनजीवन प्रभावित हो गया है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 01, 2026, 8:16:49 AM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार में बुधवार रात और गुरुवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। मुजफ्फरपुर, मधुबनी, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, दरभंगा, हाजीपुर, छपरा और बेगूसराय समेत कई जिलों में कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग घायल हुए हैं।


तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़, बिजली के पोल और तार गिर गए, जिससे शहर से लेकर गांव तक पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई स्थानों पर सड़कों पर पेड़ गिरने से घंटों यातायात प्रभावित हुआ, वहीं रेल परिचालन भी कई खंडों पर बाधित रहा। आम और लीची की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।


बेगूसराय के रतनपुर थाना क्षेत्र के मियाचक गाछीटोल में नवनिर्मित भवन से गिरी दीवार के मलबे में दबकर एक युवक की मौत हो गई। हाजीपुर के सुभई दक्षिणी टोला में पेड़ गिरने से छह वर्षीय बच्चे की जान चली गई। मढ़ौरा के गौरा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई।


औरंगाबाद जिले के गम्हरिया गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक बारात में शामिल 50 वर्षीय अक्षय राम की मौत हो गई। मधुबनी के बाबूबरही में ठनका गिरने से छह लोग घायल हो गए। वहीं घोघरडीहा के धावघट गांव में बरगद का पेड़ फूस के घर पर गिरने से 55 वर्षीय कलावती देवी की दबकर मौत हो गई। जिरौल नवटोली में पंची देवी की भी ठनका गिरने से मौत हो गई।


पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड में दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक युवक पेड़ से दबकर और दूसरा ई-रिक्शा पलटने से जान गंवा बैठा। दरभंगा के केवटी प्रखंड में पेड़ गिरने से 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मुजफ्फरपुर के सरैया में बरगद का पेड़ घर पर गिरने से फूलमती देवी की मौत हो गई। समस्तीपुर के दलसिंहसराय में पेड़ गिरने से 50 वर्षीय घाटो सहनी की जान चली गई।


आंधी और ओलावृष्टि के कारण पूर्वी चंपारण सहित कई जिलों में पेड़, पोल और तार गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से आम और लीची की फसल को भारी क्षति पहुंची है। सीतामढ़ी में आंधी, बारिश और वज्रपात से व्यापक नुकसान हुआ। चोरौत और परसौनी में वज्रपात से घरों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं। कई प्रखंडों में पेड़ गिरने से सड़कें जाम रहीं और बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रही।